पटना [जेएनएन ]। बिहार के जमुई व औरंगाबाद जिलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों की मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान की सूचना है। जमुई के चरखापोखर में बड़ी कार्रवाई में पुलिस, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। नक्सली भाग निकले। उधर औरंगाबाद और गया की सीमा पर जंगली इलाके में सुरक्षा बलों की नक्सलियों से मुठभेड़ जारी है।
जमुई में पुलिस व सुरक्षा बलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ अहले सुबह ही शुरू हो गई थी। जंगली इलाका होने के कारण पुलिस सधे कदमों से बढ़ रही थी। सुरक्षा बलों से घिरते देख नक्सली चरका पत्थर इलाके में अपना कैंप छोड़ कर भाग निकले। वहां से कई हथियार, खानेपीने के सामान, वर्दियां और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांबिंग अॉपरेशन अब भी जारी है।
उधर औरंगाबाद-गया की सीमा पर पहाड़ियों में नक्सलियों की तलाशी के दौरान दोनों तरफ से फायरिंग की सूचना है। पुलिस सूत्रों ने विस्तृत जानकारी देने से इन्कार करते हुए बताया कि मुठभेड़ जारी है। जंगली इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और पुलिस के जवानों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान भी शुरू किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ की सूचना के बीच गया और अन्य जिलों से सुरक्षा बलों को चिह्नित इलाकों के लिए रवाना किया गया है

0 टिप्पणियाँ