मेरठ (जेएनएन)। हजार और पांच सौ का नोट बंद होने के बाद रकम को ठिकाने लगाने की जद्दोजहद तेज हो चली है। तेजगढ़ी चौराहे पर चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर के अंदर सीट पर रखी 67 लाख की रकम पुलिस ने पकड़ ली। आयकर की टीम ने पड़ताल शुरू कर दी है। रकम सदर बाजार के सर्राफ अनुज जैन, चालक रोहित के साथ लेकर जा रहे थे। दोनों से आयकर विभाग की टीम ने जवाब मांगा है। मंगलवार दोपहर सवा दो बजे चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर सवार भागने लगे तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। कार में अनुज जैन, निवासी ढोलकी मोहल्ला, थाना सदर बाजार और रोहित निवासी बेगमबाग, थाना लालकुर्ती सवार थे। अनुज की सर्राफा बाजार में दुकान है, जो स्विफ्ट डिजायर में 67 लाख की रकम लेकर जा रहे थे। पकड़ी गई रकम में पांच सौ और एक हजार के नोटों की गड्डी हैं। आयकर की एक टीम ने थाने में पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।

0 टिप्पणियाँ