अंट्रेंड होमगार्डो के हाथों में ट्रैफिक की व्यवस्था


मेरठ : जिन होमगार्डो पर शहर के ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने का जिम्मा है, वही होमगार्ड यातायात के नियमों की परीक्षा में फेल साबित हो गए। मंगलवार को पुलिस लाइन में एसपी ट्रैफिक की लिखित परीक्षा में बैठे 50 प्रतिशत होमगार्ड फेल हो गए। यही नहीं होमगार्डो के पास अपना ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।

दरअसल, पुलिस लाइन के ट्रैफिक ऑफिस में कई दिनों से 90 होमगार्डो को ट्रैफिक नियमों की जानकारी की ट्रेनिंग दी जा रही थी। 90 होमगार्ड ट्रैफिक पुलिस के साथ शहर में ड्यूटी करते हैं। मंगलवार को एसपी ट्रैफिक की मौजूदगी में 45 होमगार्डो को परीक्षा में बुलाया गया, बाकी होमगार्डो की लिखित परीक्षा बुधवार को होनी है। परीक्षा 20 नंबर की थी और समय दोपहर एक से ढाई बजे तक रहा। परीक्षा में प्रश्न प्रोजेक्टर पर पूछे गए, जबकि उनके उत्तर लिखित में देने थे। प्रश्नों में ट्रैफिक के संकेतक और गाड़ियों के बारे में पूछा गया। कॉपी चेक होने पर 45 में से 23 होमगार्ड फेल हो गए थे। वहीं एसपी ट्रैफिक ने जब होमगार्डो से उनके डीएल के बोर में जानकारी की तो किसी के पास भी डीएल नहीं थे, जिस पर एसपी ने फटकार लगाई और जल्द ही डीएल बनवाने के आदेश दिए। वहीं होमगार्डो को एक-एक नियमों की किताब भी दी गई। अब पहले बैच की परीक्षा दोबारा से परीक्षा एक सप्ताह बाद फिर दोबारा परीक्षा होनी है।
मूल बातों की भी नहीं है जानकारी
होमगार्डो को मूल बातों की भी जानकारी नहीं है। प्रश्न पूछा गया कि अगर पहाड़ से कार बिना स्टार्ट किए नीचे लाई जा रही हो तो कितना तेल खर्च होगा। इस पर कई होमगार्डो का जबाव था कि कम से कम पांच लीटर। होमगार्डो से डीएल नहीं होने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि बाइक रोकने वाले भी होमगार्ड होते हैं। इस पर एसपी ट्रैफिक भी अपनी हंसी नहीं रोक पाई।
इनका कहना है..
ट्रैफिक होमगार्डो को यातायात नियमों की जानकारी हो, इसी कारण उनकी परीक्षा कराई जा रही है। फेल हुए होमगार्डो की परीक्षा दोबारा होगी, डीएल वाले होमगार्ड ही ड्यूटी कर सकेंगे।
किरन यादव, एसपी ट्रैफिक।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ