ये बीजेपी नेता झुग्गी बस्ती में मनाएंगे वैलेंटाइंस डे

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी

यूं तो बीजेपी का वैलेंटाइन्स डे के साथ नाता तनाव भरा रहा है, लेकिन इस बार दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष का अंदाज़ जुदा जुदा दिखेगा. दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी वैलेंटाइन्स डे राजधानी की एक झुग्गी बस्ती में गुजारेंगे. तिवारी जानेमाने भोजपुरी सिनेमा स्टार हैं और मशहूर गायक भी, तो वैलेंटाइन्स डे पर झुग्गीवालों को इसका फायदा भी मिलेगा.

'डेल्डी फाल इन लव विद झुग्गीज़' नाम से हो रहे आयोजन में तिवारी ने दिल्ली वालों को भी शिरकत करने की अपील की है, मकसद झुग्गी वालों की रोजमर्रा की ज़िंदगी और उनकी मुसीबतों से रूबरू कराना है. हालांकि बीजेपी ने वैलेंटाइन्स डे का नाम लेने से परहेज किया है, लेकिन आयोजन का नाम और मकसद वैलेंटाइन्स डे के बहाने सियासी मकसद साधने का भी है.
दिल्ली बीजेपी इस आयोजन के ज़रिए झुग्गी वालों से आम आदमी पार्टी और केजरीवाल ने जो वादे किये थे, उनकी हकीकत को जनता के सामने रखने की कोशिश मे है. इसीलिए वसंत विहार के मद्रासी मंदिर कुसुम पहाडी पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ मनोज तिवारी झुग्गी बस्ती में न सिर्फ वक्त गुज़ारेंगे, बल्कि उनकी समस्याओं को सुनेंगे और सुविधाओं को परखेंगे.
मनोज तिवारी ने नए साल का जश्न भी इंद्रपुरी की गैस गोदाम झुग्गी बस्ती में मनाया था. इसके बाद भी कई झुग्गी बस्तियों में प्रवास के बाद वहां की समस्याओं को लेकर एक वीडियो डाक्यूमेंट्री भी बनायी है, जिसे बीजेपी केजरीवाल सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर पोल खोल अभियान के तौर पर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर जगह जगह दिखा भी रही है.
वैलेंटाइन्स डे पर भी 'फाल इन लव विद झुग्गीज़' आयोजन के ज़रिए बीजेपी का मकसद केजरीवाल सरकार पर निशाना साधना है क्योंकि 14 फरवरी को ही सरकार अपनी दूसरी सालगिरह भी मना रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ