नई दिल्ली (जेएनएन)। नगर निगम शाहदरा दक्षिणी जोन के उपायुक्त अतीक अहमद एक वाट्सएप ग्रुप पर अश्लील फोटो डालकर बुरी तरह घिर गए। इस ग्रुप में निगम के अधिकारियों के साथ दक्षिणी जोन के सभी पार्षद भी जुड़े हैं, जिनमें कई महिला पार्षद भी हैं।
ग्रुप पर फोटो डालने के बाद ही महिला पार्षदों ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी और रविवार को आनंद विहार वार्ड की निगम पार्षद गुंजन गुप्ता ने थाने में भी शिकायत दे दी। पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने कहा कि शिकायत मिली है और केस दर्ज किया जा रहा है।
दरअसल, अतीक अहमद ने वार्ड कमेटी शाहदरा दक्षिणी जोन का एक वाट्सएप ग्रुप बना रखा है। इसके ग्रुप एडमिन भी वही हैं। इस ग्रुप में आधे से अधिक महिला पार्षद हैं।
रात करीब 12:05 बजे अतीक अहमद ने इस ग्रुप पर एक फोटो डाल दिया। इसके करीब 20 मिनट बाद किशन कुंज की पार्षद हिमांशी पांडेय ने इसका विरोध किया।
उन्होंने लिखा कि आप एक जिम्मेदार पद पर बैठे शख्स हैं। इस तरह की अश्लील तस्वीर कैसे डाल सकते हैं। इसके बाद अन्य पार्षदों ने भी इसी तरह नाराजगी जताई। करीब 45 मिनट बाद अतीक अहमद ने इस पर खेद प्रकट किया, लेकिन तब तक यह मामला तूल पकड़ चुका था।
रविवार सुबह पार्षद गुंजन गुप्ता ने आनंद विहार थाने में इसकी लिखित शिकायत दी। इसमें उन्होंने कहा है कि अतीक अहमद का पोस्ट अभद्र है। शिष्टता, नैतिकता और महिला सम्मान के खिलाफ है।
वह उपायुक्त हैं, इसलिए हम पार्षद उनसे मिलने जाते हैं, लेकिन इस पोस्ट से उनकी मानसिकता जाहिर हो गई। यह मेरे लिए मानसिक आघात है। उन्होंने सूचना तकनीक अधिनियम के तहत अतीक अहमद पर कार्रवाई की मांग की है।
निलंबन की उठी मांग
ग्रुप में जुड़े उपमहापौर बिपिन बिहारी सिंह ने इस मामले में अतीक अहमद के निलंबन की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह का कृत्य किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, हिमांशी पांडेय ने केस दर्ज कर अतीक अहमद को गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा की बैठकों में भी इस पर चर्चा हुई और अब सोमवार को निगम आयुक्त के समक्ष इस मसले को उठाने की तैयारी है।
कमिश्नर बोले, जानबूझकर नहीं गलती से डली तस्वीर
वहीं, निगम कमिश्नर अतीक अहमद का कहना है कि मैं अधिकारियों से संबंधित एक नोटिस डाल रहा था। नोटिस की जगह ये तस्वीर अटैच हो गई। इसका मुझे पता नहीं चला। जब पार्षदों ने ध्यान दिलाया तो मैंने ग्रुप पर तुरंत खेद प्रकट किया। यह भी बताया कि गलती से यह तस्वीर ग्रुप में चली गई है।

0 टिप्पणियाँ