शाहजहांपुर में 3 दिन पहले कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने ददरौल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगने के दौरान कहा था, अगर प्रत्याशी हारा तो वह शक्ल दिखाने लायक नहीं रहेंगे। वीडियो वायरल होने के बाद तिलहर विधानसभा से सपा प्रत्याशी ने पलटवार करते हुए कहा, जब खुद हारे थे तब भी मुंह नहीं दिखाया था। 5 साल बाद अब इस विधानसभा में मुंह दिखाया है। इसलिए उन्होंने जो कहा ठीक कहा है।
हारने के बाद 5 साल तक नहीं दिखाई थी शक्ल
बता दें कि 3 दिन पहले जितिन प्रसाद ने ददरौल सीट से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह के समर्थन में एक प्रबुद्ध सम्मेलन में शिरकत की थी, जिसमें उन्होंने कहा था, भाजपा प्रत्याशी को हर हाल में जिताना है। अगर प्रत्याशी हार गया तो वह ऊपर नेताओं को शक्ल दिखाने लायक नहीं रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा, प्रत्याशी हारने पर उनका सिर शर्म से झुक जाएगा।
वीडियो वायरल होने के बाद तिलहर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा ने पलटवार करते हुए कहा, 5 साल पहले जब जितिन प्रसाद खुद हारे थे तब भी उन्होंने अपना मुंह इस विधानसभा में 5 साल तक नहीं दिखाया। अब वह 5 साल बाद भाजपा में शामिल होने के बाद तिलहर सीट से भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने के लिए आए हैं। भाजपा की बहुत बड़ी हार होने वाली है। इसलिए मुंह न दिखाने वाली बात जितिन प्रसाद ने सही कही है।
5 साल पहले रोशनलाल वर्मा ने जितिन प्रसाद को दी थी शिकस्त
वर्ष 2017 में रोशनलाल वर्मा बीएसपी छोड़कर भाजपा में शामिल होकर टिकट लेकर मैदान में उतरे थे। तब सपा-कांग्रेस गठबंधन में तिलहर विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई थी और कांग्रेस ने जितिन प्रसाद को प्रत्याशी बनाया था। तब भाजपा प्रत्याशी रहे रोशनलाल वर्मा ने जितिन प्रसाद को हराया था। एक साल पहले जितिन प्रसाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए और भाजपा ने उनको प्राविधिक शिक्षा मंत्री बना दिया।
जितिन प्रसाद अब भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा के प्रचार के लिए गए थे। वहीं रोशनलाल वर्मा ने भाजपा से इस्तीफा देकर सपा का दामन थामा और सपा ने उनको टिकट भी दे दिया। वहीं 4 साल तक सपा में रहने वालीं सलोना कुशवाहा को जब सपा से टिकट नहीं मिला तो उन्होंने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थामा और भाजपा ने सलोना कुशवाहा को टिकट देकर मैदान में उतार दिया।
तिलहर में सपा-भाजपा के लिए बन गई वर्चस्व की लड़ाई
तिलहर सीट सपा-भाजपा दोनों के लिए वर्चस्व की सीट बन चुकी है। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद रोशनलाल वर्मा ने सीधे तौर पर वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना पर हर काम में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया था। उसके बाद सुरेश खन्ना ने गाना गाकर जवाब दिया था कि, अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का। यही कारण है कि भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। सुरेश खन्ना से लेकर जितिन प्रसाद भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगने के लिए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ