गोवा में ब्रिक्स समिट से पहले भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय बातचीत के बाद 16 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इन समझौतों से रक्षा क्षेत्र में भारत और रूस के बीच नया आयाम स्थापित होगा. समझौतों के अनुसार भारत को कोमोव मिलिट्री हेलीकॉप्टर मिलेगा. साथ ही एस-400 सिस्टम भी रूस भारत को देगा. दोनों देशों के बीच गैस पाइपलाइन पर स्टडी, न्यूक्लियन एनर्जी, आंध्र प्रदेश और हरियाणा में स्मार्ट सिटी, शिक्षा, रेल की स्पीड बढ़ाने समेत कई क्षेत्रों में अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने दोनों देशों के बीच 17वें सालाना द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के बाद कहा, "भारत व रूस के बीच साझेदारी ने एक नई ऊंचाई को छुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रपति पुतिन दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में 16 समझौतों तथा तीन घोषणाओं के साक्षी बने." समझौतों में एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की खरीद तथा भारत में 1135 श्रृंखला के युद्धपोतों का निर्माण शामिल है.
एयर डिफेंस सिस्टम का कवच
भारत और रूस के बीच एयर डिफेंस समझौते पर भी हस्ताक्षर हुआ. एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 ट्राइअम्फ लंबी रेंज की क्षमता वाले होते हैं. इन मिसाइलों में अपनी तरफ आ रहे दुश्मन के विमानों, मिसाइलों और यहां तक कि ड्रोनों को 400 किलोमीटर तक के दायरे में मार गिराने की क्षमता है. इसकी खरीद से भारत की रक्षा प्रणाली मजबूत होगी
.

0 टिप्पणियाँ