नई दिल्ली: 24 घंटे के अंदर ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पाकिस्तानी बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) ने जिस तरह से जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में भारतीय सेना के जवान शहीद मनदीप सिंह के शव के साथ बर्बरता की थी उसका बदला लेते हुए भारतीय सेना ने कल पाकिस्तान की 4 चौकियों को पूरी तबाह कर दिया है. सेना की इस कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैनिकों के मारे जाने की खबर है.
पाकिस्तान ने शहीद मनदीप के शव के साथ कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में बर्बरता की थी. चौकियों के तबाह होने से बौखलाया पाकिस्तान देर रात तीन बजे से कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में फायरिंग कर रहा है जिसका बीएसएफ मुंहतोड़ जवाब दे रही है. भारतीय सेना ने पाकिस्तान को जिस तरह से सबक सिखाया है और शहीद मंदीप सिंह के शव के साथ की गई बर्बरता का बदला लिया है. जिस तरह से बिना LoC पार किए सेना ने पाकिस्तान की 4 चौकियों को तबाह कर दिया, उससे ये माना जा रहा है कि 28 सितंबर को PoK में हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद ये सेना की सबसे बड़ी कार्रवाई है.
सेना ने बीते दिन कहा कि उसने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा(एलओसी) के पार जबरदस्त हमले में चार पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया. सेना के एक अधिकारी ने कहा,‘‘केरन सेक्टर में जबरदस्त आग्नेयास्त्र हमले में चार पाकिस्तानी चौकियों को नेस्तनाबूद कर दिया.’’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ भारी नुकसान हुआ है . हालांकि, उन्होंने आगे विवरण नहीं दिया. इससे पहले दिन में केरन सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों के संघषर्विराम उल्लंघन के जवाब में यह गोलीबारी की गयी. हमले में बीएसएफ का एक जवान और एक महिला घायल हो गए.

0 टिप्पणियाँ