नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अंधविश्वास का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सनकी युवक ने जल्द शादी की मन्नत के लिए देवी मां को बलि देने के नाम पर एक डेढ़ साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी शख्स ने मासूम को मंदिर की सीढ़ियों पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला पश्चिमी दिल्ली के रनहौला के मोहन गार्डन इलाके का है। बताया जाता है कि सोमवार को एक सनकी युवक बच्ची के माता-पिता के साथ किराये के मकान में रनहौला थाना इलाके के मोहन गार्डन में रहता था। सोमवार को आरोपी अमित कुमार बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गया और पहले उसके पैर पर ब्लेड से वार कर उसका नस काटा। फिर उसने बच्ची को मंदिर की सीढ़ियों पर पटक-पटककर उसकी जान ले ली।
इस दौरान जब आसपास के लोगों ने आरोपी को मासूम को मंदिर की सीढ़ियों पर पटकते देखा तो वे उसे पकड़ने के लिए दौड़े। लोगों को इकट्ठा देख आरोपी युवक भागने लगा। लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने जब पुलिसकर्मियों को जल्द शादी के लिए देवी मां को बच्ची की बलि देने की बात बताई तो उसकी बात सुनकर सभी पुलिसकर्मी सन्न रह गए। फिलहाल पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

0 टिप्पणियाँ