ऑस्ट्रेलिया में पंजाबी गायक मनमीत को जिंदा जलाया



मेलबर्न, प्रेट्र : ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन शहर में एक सनसनीखेज घटना में भारतीय मूल के 29 वर्षीय बस ड्राइवर व गायक मनमीत अलीशेर को जिंदा जला दिया गया। उन पर एक आदमी ने बस के बाहर से ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मनमीत ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले पंजाबी समुदाय के बीच लोकप्रिय गायक के रूप में जाने जाते थे। उनकी पहचान मृदुभाषी व्यक्ति के रूप में थी। उनके गीत पंजाब में भी सुने जाते हैं। मनमीत ब्रिस्बेन सिटी काउंसिल की बस भी चलाते थे। ड्राइविंग के दौरान ही एक आदमी ने उन पर कुछ फेंका जिससे वह बुरी तरह झुलस गए।
बस में बैठे यात्रियों ने बस से बाहर निकलकर खुद को बचाया। 48 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले के उद्देश्य का पता नहीं लगा है। आतंकी या नस्ली हमले की घटना होने के सुराग फिलहाल नहीं मिले हैं। पुलिस और खुफिया विभाग के लोग हमलावर से पूछताछ कर रहे हैं।ब्रिस्बेन में झंडे झुकाए गएमनमीत के सम्मान में ब्रिस्बेन शहर की इमारतों पर लगे झंडे आधे झुका दिए गए हैं।
मनमीत बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। प्रसिद्ध कवि और आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्र्वास ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ऑस्ट्रेलिया में पंजाबी रेडियो स्टेशन हरमन रेडियो के मैनेजर मिंटू बरार ने कहा कि बस ड्राइविंग की जॉब के बाद बचे हुए समय में मनमीत गायन, अभिनय और स्टेज परफॉर्मेस करते थे। वह एक फिल्म की शूटिंग भी करने वाले थे। वह अविवाहित थे।
ऑस्ट्रेलिया में पंजाबी समुदाय के बीच उनकी लोकप्रियता का इससे ही अंदाजा लग सकता है कि बड़ी संख्या में लोगों ने फेसबुक और ट्विटर पर उन्हें लेकर शोक संवेदना प्रकट की। राना हरदेव सिंह ने लिखा कि वह पिछले हफ्ते ही मनमीत से मिले थे और उन्होंने अपनी कई योजनाएं बताई थीं। बलदेव सिंह निज्जर ने लिखा कि वह हमारे हीरो थे और यह पूरी दुनिया के पंजाबी समुदाय के लिए बड़ी क्षति है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ