लखनऊ: लॉन्च होने से पहले ही अखिलेश सरकार की समाजवादी स्मार्टफोन योजना ट्विटर पर ट्रेंड करने लगी है. कई घंटों से #SamajwadiSmartPhoneहैश टैग पहले नंबर पर ट्रेंड कर रहा है. खबर लिखे जाने तक सोलह लाख लोग उस पोर्टल पर ‘विजिट’ कर चुके है. जिसपर इस मोबाईल फोन के लिए रजिस्ट्रेशन हो रहा है. अब तक 11000 लोग अपना रजिस्ट्रेशन भी करा चुके है. अखिलेश सरकार की फ्री स्मार्टफोन देने के वादे को यूपी के लोगों ने हाथोंहाथ लिया है.
8 नवम्बर तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने आज दोपहर अपने ऑफिस में स्मार्टफोन योजना शुरू की. अभी सिर्फ रजिस्ट्रेशन हो रहा है. इसके लिए आज मुख्यमंत्री दफ्तर मेंsamajwadisp.in पोर्टल लॉन्च हुआ. अगले एक महीने तक यानी 8 नवम्बर तक लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा पाएंगे. इसके लिए आपकी उम्र 1 जनवरी 2017 तक 18 साल होनी चाहिए. अगर आप सरकारी अधिकारी या कर्मचारी है तो फिर ये स्मार्टफोन आपको नहीं मिलेगा. अगर आप साल भर में छह लाख से ऊपर कमा लेते है तो फिर ये फोन भूल जाईये.
10 करोड़ फ्री स्मार्टफोन
सबसे बड़ी बात अगर अखिलेश सरकार की वापसी हुई तभी फ्री स्मार्टफोन मिलेगा. यूपी सरकार के एक बड़े अफसर ने बताया कम से कम 10 करोड़ स्मार्टफोन मुफ्त बांटने पड़ेंगे. थोक के भाव में खरीदने पर एक फोन की कीमत करीब चार हज़ार रुपये होगी. एक साल में सिर्फ एक करोड़ स्मार्टफोन बांटने की योजना है. यानी सालाना करीब 4000 करोड़ रुपये इस योजना पर खर्च होंगे. लेकिन लॉन्च होते ही अखिलेश यादव की फ्री स्मार्टफोन योजना ‘हिट’ हो गयी है.
फ्री लैपटॉप भी बांट चुके है अखिलेश
इस से पहले अखिलेश यादव फ्री लैपटॉप भी बाँट चुके है. पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने ये वादा किया था. बारहवी पास को फ्री लैपटॉप और दसवी पास बच्चों को मुफ्त टैबलेट देने की बात समाजवादी पार्टी के मैनिफेस्टो में कही गयी थी.
15 लाख लैपटॉप तो बांटे लेकिन टैबलेट नहीं बंटा
सीएम बनते ही अखिलेश यादव ने अपने पहले ही कैबिनेट की बैठक में लैपटॉप देने का एलान कर दिया. उन्होंने 15 लाख लैपटॉप तो बांटे लेकिन टैबलेट नहीं बंटा. लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की हार के बाद मुलायम सिंह नाराज हो गए थे. उन्होंने अखिलेश यादव को फ्री लैपटॉप बांटने से मना कर दिया था. लेकिन बाद में यूपी के सीएम ने ये योजना फिर शुरू कर दी.



0 टिप्पणियाँ