जम्मू: पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा है. सीमा पर लगातार वो सीजफायर उल्लंघन कर रहा है. रात भर जम्मू के पास आरएसपुरा सेक्टर और अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की पोस्ट पर पाकिस्तान ने फायरिंग की है. बीएसएफ भी पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दे रही है, खबर ये है कि पांच से छह पाकिस्तानी रेंजर्स की पोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा है.
लोग घर छोड़ छोड़कर जा रहे हैं गांव के लोग
इस बीच पाकिस्तानी फायरिंग की दहशत से आरएस पुरा में सीमा से सटे गांव के लोग घर छोड़ छोड़कर जा रहे हैं. फ्लोरा गांव में लोग ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर घर छोड़कर जाते देखे गए हैं. कल सुबह से रात तक हुई फायरिंग में 11 लोग पाकिस्तानी मोर्टार शेल की वजह से जख्मी हुए हैं. कल राजौरी के नौशेरा में सेना की जवाबी कार्रवाई में तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है.
गोलीबारी के मोर्टार शेल भी दाग रहा है पाकिस्तान
जम्मू कश्मीर के राजौरी में नौशेरा सेक्टर पर एलओसी पर भारी तनाव है. पाकिस्तान लगातार फायरिंग कर रहा है और सेना भी उसका डटकर जवाब दे रही है. कल दिन में काफी देर दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग हुई. पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी के साथ साथ मोर्टार शेल भी दागे गए.
सीमा से सटे इलाकों में स्कूल बंद
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सेना के बड़े अधिकारी के मुताबिक, भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में कम से कम तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं. पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलीबारी को देखते हुए राजौरी में सीमा से सटे इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है.
सुचेतगढ़ में सात महिलाएं जख्मी
राजौरी के अलावा जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में भी पाकिस्तान ने सीजफायर उल्लंघन किया है. पाक रेंजर्स की फायरिंग में आर एस पुरा के सुचेतगढ़ में सात महिलाएं जख्मी हुई हैं. ये महिलाएं एक कार्यक्रम में जा रही थीं तभी पाकिस्तानी फायरिंग की चपेट में आ गईं. इनका जम्मू के अस्पताल में इलाज चल रहा है. आरएसपुरा सेक्टर में बीएसएफ के जवान भी पाकिस्तान की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं.
6 साल के बच्चे की मौत
परसों ही अखनूर के ललयाल गांव में पाकिस्तान की फायरिंग में छह साल के बच्चे की मौत हो गई थी. 28 सितंबर को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकाने तबाह किए थे. इसी के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार सीमा पर फायरिंग कर रहा है.



0 टिप्पणियाँ