तीन तलाक: मायावती का मोदी पर हमला, कहा- चुनाव से विवाद खड़ा करके फायदा उठाना चाहती है BJP

तीन तलाक: मायावती का मोदी पर हमला, कहा- चुनाव से विवाद खड़ा करके फायदा उठाना चाहती है BJP
लखनऊ: तीन तलाक के मुद्दे पर बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला. मायावती ने कहा कि यूपी में चुनाव से पहले बीजेपी तीन तलाक के मुद्दे पर विवाद खड़ा करके फायदा उठाना चाहती है.
मायावती ने आज बयान जारी कर कहा, ”यूपी में आमचुनाव होने वाले हैं. इससे पहले बीजेपी और केंद्र में उनकी सरकार द्वारा मुस्लिम पर्सनल लॉ और तीन तलाक और यूनिफॉर्म सिविल कोड आदि के शरीयत से जुड़े धार्मिक मुद्दों को लेकर नया विवाद खड़ा करके और इसकी आड़ में भी घिनौनी राजनीति करना चाहती है. जो अनुचित और अति-निन्दनीय है.”
बीएसपी की तरफ जा सकता है मुस्लिम समुदाय
ऐसा माना जा रहा है कि मायावती जानती हैं कि समाजवादी पार्टी में चल रही मौजूदा कलह और बीजेपी से पारंपरिक दूरी रखनेवाला मुस्लिम समुदाय बीएसपी की तरफ जा सकता है.
आपको बता दें कि मायावती का ये हमला पीएम नरेंद्र मोदी के उस बयान पर किया जिसमें उन्होंने कहा था कि साम्प्रदायिक आधार पर मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिये और ‘तीन तलाक’ को राजनीतिक और साम्प्रदायिक मुद्दा ना बनाया जाए.
‘तीन तलाक’ को ना बनाएं राजनीतिक और साम्प्रदायिक मुद्दा
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ‘तीन तलाक’ के मद्दे पर पहली बार बोलते हुए कहा था कि साम्प्रदायिक आधार पर मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिये और मीडिया तीन तलाक को राजनीतिक और साम्प्रदायिक मुद्दा बनाने के बजाय कुरान के ज्ञाताओं को बैठाकर इस पर सार्थक चर्चा करवाये.
मोदी ने बुंदेलों की धरती महोबा में आयोजित ‘परिवर्तन रैली’ में आरोप लगाया कि तीन तलाक के मुद्दे पर देश की कुछ पार्टियां वोट बैंक की भूख में 21वीं सदी में मुस्लिम औरतों से अन्याय करने पर तुली हैं. क्या मुसलमान बहनों को समानता का अधिकार नहीं मिलना चाहिये.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ