भोपाल, 09 सितम्बर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दरअसल, 10 से 12 सितम्बर तक यहां दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को भोपाल आ रहे हैं। वे यहां तीन दिवसीय विश्व हिंदी सम्मलेन के शुभारम्भ करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री गुरुवार, 10 सितम्बर को नई दिल्ली से भारतीय वायु सेना के विमान से 8.1 5 बजे रवाना होकर प्रात: 9. 35 बजे भोपाल आयेंगे। श्री मोदी 10 सितम्बर को प्रात: 10 बजे लाल परेड ग्राउंड पर रामधारी सिंह दिनकर सभागृह पहुँचेंगे। सम्मलेन के शुभारम्भ और सम्बोधन के बाद श्री मोदी दोपहर 12 बजे नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
राज्य शासन ने विश्व हिंदी सम्मेलन के परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 सितम्बर की यात्रा के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता को सम्पर्क मंत्री नामांकित किया है। मंत्री द्वय प्रधानमंत्री श्री मोदी की अगवानी, विदाई और सत्कार के लिए नामांकित किए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ