नई दिल्ली: आतंकी संगठन आईएस यानी इस्लामिक स्टेट ने 22 मिनट का एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें भारतीय लड़ाके नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में ये भारत के खिलाफ लड़ाई की बात कह रहे हैं। 22 मिनट का ये वीडियो अरबी में है, लेकिन बीच-बीच में उसमें हिंदुस्तानी जबान बोलते हुए भारतीय नौजवान नजर आ रहे हैं। आतंकी संगठन का ये पहला ऐसा वीडियो है, जिसमें सिर्फ भारत और साउथ एशिया को ही फोकस किया गया है। जैसे हर आतंकी संगठन बाबरी मस्जिद, कश्मीर, गुजरात और मुजफ्फरनगर की घटनाओं का बदला लेने की बात करता है इसमें भी वही किया गया। अबू अमर अल हिंदी दावा करता है कि सीरिया में वो लोग चैन की जिंदगी बसर कर रहे हैं। वो ठाणे के अपने दोस्त साहिम टंकी को याद करता भी नजर आता है। टंकी सीरिया में पिछले साल मारा गया था।
इस वीडियो में भारत से भर्ती किए गए नौजवान जेहादियों के बयान हैं जो अपनी कहानी खुद बता रहे हैं। वो बता रहे हैं कि भारत से किस तरह वो सीरिया पहुंचे और किस तरह अपने खलीफा बगदादी के राज में वो इस्लामी जिंदगी बसर कर रहे हैं। इस वीडियो में वो बता रहे हैं कि उनकी योजना भारत में भी इस्लामी राज कायम करने की है।
अब तक आईएसआईएस में भारतीय नौजवानों के शामिल होने की सिर्फ बातें सुनी जाती थीं, लेकिन पहली बार वो बोलती तस्वीरें सामने आई हैं जो बताती हैं कि आईएसआईएस में उनकी पैठ कितनी गहरी है और अब वो दूसरे भारतीय नौजवानों को अपने बयानों से बरगलाने में लगे हैं।
अंग्रेज़ी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, 2014 में तीन लोगों के साथ ठाणे से सीरिया गया इंजीनियरिंग का छात्र फ़हद तनवीर शेख़ भी इस वीडियो में नज़र आ रहा है, जो बाबरी मस्जिद और गुजरात, कश्मीर और मुजफ्फरनगर का बदला लेने के लिए हाथ में तलवार लिए भारत लौटने की बात कह रहा है।
सरकारी बलों के खिलाफ लड़ाई है मकसद
इस वीडियो में क्लाश्निकोव राइफ़ल लिए कथित तौर पर भारतीय जिहादियों का एक बड़ा समूह सीरियाई बलों से लड़ते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो का मक़सद सीरियाई सरकारी बलों के खिलाफ लड़ने के लिए भारत से जिहादियों की भर्ती करना बताया जा रहा है। वीडियो में ज़्यादातर आतंकवादी सीरियाई बलों के खिलाफ जिहाद का संकल्प ले रहे हैं। यह वीडियो शुक्रवार को जारी किया गया। इसमें भारत और दक्षिण एशिया का ज़िक्र किया गया है और इसमें जिहादी आपस में अरबी में बात कर रहे हैं।
किरेन रिजिजू का बयान
इस मामले पर गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस तरह का दुष्प्रचार भारत के खिलाफ करते रहते हैं। घबराने की जरूरत नहीं है। हर चीज का मुकाबल करते आए हैं इसको भी करेंगे।

0 टिप्पणियाँ